किसी फिल्म का अपने बजट के मुकाबले मुनाफा कितना हो सकता है, इसका जवाब तलाशते हुए अक्सर हैरान करने वाले आंकड़े सामने आते हैं। हाल में 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर 17,050.5 प्रतिशत का नेट प्रॉफिट कमाया, जबकि हॉलीवुड की 'ऑब्सेशन' ने लागत के मुकाबले 69,844.18 प्रतिशत का लाभ कमाकर सबको चौंकाया। लेकिन इन सबसे आगे एक ऐसी फिल्म है जिसने 2009 में बॉक्स ऑफिस पर 12 लाख 86 हजार 566 प्रतिशत से अधिक का मुनाफा कमाया। यह फिल्म है 'पैरानॉर्मल एक्टिविटी', जिसकी कोई स्क्रिप्ट नहीं थी और जिसे बनाने वाला एक साल पहले तक वीडियो गेम डिजाइनर था।
इस फिल्म की कहानी 2006 से शुरू होती है, जब वीडियो गेम डिजाइनर ओरेन पेली ने पहली बार कोई फीचर फिल्म डायरेक्ट करने का फैसला किया। उन्होंने अपने ही घर को मूवी सेट में बदल दिया और सिर्फ 15,000 डॉलर के बजट, एक हैंडहेल्ड कैमरा और 10 दिन के शूटिंग शेड्यूल के साथ दो अनजान कलाकारों, केटी फेदरस्टन और मीका स्लोट को कास्ट किया। दोनों को कोई स्क्रिप्ट नहीं दी गई। फिल्म का पहला प्रीमियर 2007 में सक्रीमफेस्ट में हुआ और 2009 में इसे सिनेमाघरों में रिलीज किया गया।
15,000 डॉलर के बजट पर बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 193 मिलियन डॉलर से अधिक की कमाई की। आज के हिसाब से देखें तो ओरेन पेली का बजट करीब 13.94 लाख रुपये था और कमाई करीब 1794.81 करोड़ रुपये। फिल्म में कोई CGI तकनीक इस्तेमाल नहीं की गई और कलाकारों को अपने संवाद खुद गढ़ने की छूट दी गई। शूटिंग के बाद पेली ने करीब एक साल तक अपने घर के कंप्यूटर पर फुटेज की एडिटिंग की।
इजराइल में 1970 में जन्मे ओरेन पेली ने 16 साल की उम्र में स्कूल छोड़ दिया और 19 साल की उम्र में अमेरिका आ गए। उन्होंने कंप्यूटर सॉफ्टवेयर प्रोग्रामर के रूप में शुरुआत की और 'फोटॉन पेंट' बनाने वालों में शामिल रहे। 'स्कल्प्चर्ड सॉफ्टवेयर' में काम के दौरान उन्हें 'मोर्टल कॉम्बैट 3' वीडियो गेम के होम कंसोल वर्जन के लिए नेटवर्किंग कोड विकसित करने का श्रेय भी दिया जाता है। पेली के मुताबिक, फिल्म बनाने का आइडिया उन्हें तब आया जब वह सैन डिएगो में अपने घर में अकेले रहने गए और रात में उन्हें घर के अंदर खड़खड़ाहट और दस्तक जैसी आवाजें सुनाई दीं।
