प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि नशा एक बड़ी चुनौती है और जब कोई युवा इसकी गिरफ्त में आता है तो उसके साथ परिवार के सपने भी बिखर जाते हैं। उन्होंने यह बात दिल्ली में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के आवास पर आयोजित प्रकाश पर्व कार्यक्रम में कही। मोदी ने यहां शबद कीर्तन में हिस्सा लिया और गुरबानी सुनी। वे पहली बार दिल्ली के एलजी आवास पहुंचे हैं। गुरु नानक का प्रकाश पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा।

पीएम मोदी ने कहा कि देश का हर युवा नशे से आजाद होकर अपने सपनों को पूरा करे और आगे बढ़े। इस प्रयास में परिवारों की भूमिका बड़ी है। उन्होंने कहा कि संगत और गुरुद्वारे मिलकर युवाओं को सही रास्ता दिखा सकते हैं, ताकि नई पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल हो सके। पीएम ने कहा कि गुरुनानक देव जी कीर्तन को साधना और ज्ञान का सागर मानते थे। गुरुद्वारों में मत्था टेकना, लंगर चखना और सिख संतों की संगत उनके जीवन का सहज हिस्सा रहा है।

प्रधानमंत्री ने गुरु तेगबहादुर जी की शहादत के 350 साल पूरे होने का जिक्र किया और कहा कि सिख परंपरा राष्ट्र और संस्कृति के लिए सब कुछ न्योछावर करने की प्रेरणा देती है। प्रकाश पर्व में पीएम का शामिल होना इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अगले साल पंजाब में चुनाव हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने 25 सितंबर को पीएम मोदी दिल्ली के दीनदयाल पार्क में जेन-जी के बीच पहुंचे थे। वे पंडित दीनदयाल की 110वीं जयंती पर हुए भजन क्लबिंग कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने खंजरी बजाई और भजनों पर गुनगुनाते भी नजर आए थे।