प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने मंगलवार को फोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार दोनों नेताओं ने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की और व्यापार, निवेश, रक्षा तथा आधुनिक तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते से दोनों देशों के व्यापारिक और निवेश संबंधों को विस्तार देने के नए अवसर खुलेंगे।

इस साल भारत और जर्मनी के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। पीएम मोदी ने एक्स पर बातचीत को सकारात्मक और उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि भारत और जर्मनी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के साथ-साथ शांति, स्थिरता और नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। बातचीत में क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी विचार साझा किए गए और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग जारी रखने के महत्व पर जोर दिया गया।

चांसलर मर्ज का यह फोन ऐसे समय हुआ है जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर दिसंबर में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ के साथ इस समझौते पर बातचीत जनवरी में पूरी हो गई थी। प्रस्तावित समझौते को 'मदर ऑफ ऑल डील्स' यानी अब तक के सबसे बड़े व्यापारिक समझौतों में से एक बताया जा रहा है। इसके लागू होने पर भारत के करीब 93 प्रतिशत निर्यात को यूरोपीय संघ के बाजार में बिना आयात शुल्क के प्रवेश मिल सकेगा। यूरोपीय संघ से आने वाली लग्जरी कारों और वाइन पर आयात शुल्क कम होने से ये उत्पाद भारत में सस्ते हो सकते हैं।

भारत और यूरोपीय संघ की अर्थव्यवस्थाएं मिलकर दुनिया की कुल जीडीपी में करीब 25 प्रतिशत हिस्सेदारी रखती हैं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में इनका हिस्सा लगभग एक तिहाई है, जिसका कुल मूल्य करीब 11 लाख करोड़ डॉलर है। बातचीत में वैश्विक हालात और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। रूस-यूक्रेन युद्ध के हालिया घटनाक्रम के बीच शांति और स्थिरता बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया गया।