प्रतापगढ़ के इरादतगंज स्थित सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ने वाले नौ वर्षीय छात्र यजदान की मंगलवार सुबह ट्रेन से कटकर मौत हो गई। छात्र के पिता मुस्तकीम का आरोप है कि बेटा स्कूल निर्धारित समय से थोड़ी देर से पहुंचा था, जिस पर शिक्षकों ने उसे मारपीट कर डराया-धमकाया और अपमानित किया। पुलिस के अनुसार छात्र समय पर स्कूल नहीं पहुंचा था, इसलिए शिक्षकों ने उसे वापस कर दिया और वह अकेले घर लौट रहा था, तभी वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गया।
चकघनश्यामदास (नई बाजार) निवासी ईंट-भट्ठा संचालक मुस्तकीम का बड़ा बेटा यजदान तीसरी कक्षा में पढ़ता था। स्कूल सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलता है। मुस्तकीम का कहना है कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह बेटे को स्कूल के भीतर छोड़कर लौट रहे थे, तभी चौराहे पर शोर सुनाई दिया और पता चला कि यजदान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचे और प्रबंधन व शिक्षकों पर छात्र की पिटाई और अपमान करने का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ की तथा शिक्षकों और कर्मचारियों से मारपीट की। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली।
पुलिस ने मुस्तकीम की तहरीर पर प्रबंधक जेके अग्रवाल, प्रधानाचार्य आशीष रंजन समेत कई अध्यापकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। डीसीपी यमुनानगर मनीष शांडिल्य के अनुसार मुकदमा दर्ज कर प्रिंसिपल को हिरासत में लिया गया है।
