समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह चार दिसंबर को लखनऊ के होटल रमाडा में शादी के बंधन में बंधेंगे। शादी से पहले की रस्में प्रिया सरोज के गांव करखियांव में उनके पैतृक आवास पर होंगी। समारोह में 2000 से अधिक मेहमानों के पहुंचने की संभावना है।
प्रिया सरोज के पिता और केराकत से विधायक तूफानी सरोज ने बताया कि दोनों परिवार अपने-अपने पैतृक आवासों पर विवाह से पहले की रस्में पूरी करेंगे। दो दिसंबर को हल्दी और संगीत की रस्में होंगी। शादी के बाद पैतृक आवास पर प्रीतिभोज का आयोजन होगा, जिसमें लखनऊ नहीं पहुंचने वाले लोग भी शामिल हो सकेंगे। रिंकू सिंह के गृहनगर अलीगढ़ में भी रिसेप्शन और प्रीतिभोज का आयोजन किया जाएगा। निमंत्रण पत्र बांटने का सिलसिला अंतिम चरण में है।
इस हाई-प्रोफाइल शादी में राजनीति, क्रिकेट और फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ-साथ शाहरुख खान को भी न्योता दिया गया है। क्रिकेट जगत की कई हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। शाहरुख खान की समारोह में मौजूदगी को लेकर चर्चाएं हैं, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिंकू सिंह ने अपनी शादी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया है। रिंकू ने इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि अपने परिवार के साथ उनसे मिलना, उन्हें शादी का निमंत्रण देना और उनका आशीर्वाद लेना उनके लिए सम्मान की बात है। गौरतलब है कि रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट के चर्चित खिलाड़ियों में शामिल हैं, जबकि प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश के मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं।
