पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने गठबंधन की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने बुधवार को कहा कि पार्टी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के साथ बातचीत कर रही है। उन्होंने बताया कि सीटों के बंटवारे के लिए कांग्रेस ने एक टीम गठित की है, जो वामपंथी दलों से बातचीत कर रही है। परगट सिंह ने कहा कि वामपंथी साथी विपक्षी गठबंधन INDIA का हिस्सा हैं।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी वामपंथी दलों के साथ प्रस्तावित गठबंधन को प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का समर्थन होने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि सभी की सोच है कि भाकपा, माकपा और अन्य वामदलों को साथ लेकर चलना चाहिए। सीट शेयरिंग पर बाजवा ने कहा कि सीटें केवल वहीं दी जा सकती हैं, जहां उनका आधार है।

इस बीच, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने मंगलवार को 2027 के चुनाव के लिए फिर से गठबंधन की घोषणा की थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया था कि मुख्यमंत्री का पद शिअद को मिलेगा, क्योंकि गठबंधन में वही बड़ी पार्टी होगी। परगट सिंह ने इस गठबंधन की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल पंजाब के संसाधनों और अधिकारों पर कब्जा करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों दलों की राजनीतिक ताकत पहले ही सिमट गई है और 2027 में उनकी स्थिति और कमजोर होगी।

कांग्रेस की घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष और सांसद अमर सिंह ने भी शिअद-भाजपा गठबंधन की आलोचना की और इसे सिख और हिंदू मतों का ध्रुवीकरण करने के मकसद से किया गया अवसरवादी राजनीतिक समझौता बताया। उन्होंने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड, चंडीगढ़ पर पंजाब के अधिकार और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने जैसे मुद्दों पर अकाली दल के रुख पर सवाल उठाए। इधर, परगट सिंह ने घोषणा की कि शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के पूर्व राजनीतिक सलाहकार परमजीत सिंह सिधवां और आम आदमी पार्टी की रूप कौर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।