पूर्वांचल के नौ जिलों में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत चलाए जा रहे अभियान में अब तक 8,557 वाहनों का चालान किया गया है और 56 लाख 62 हजार 567 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। एडीजी जोन नवीन अरोरा के निर्देश पर यह अभियान जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही, आजमगढ़, बलिया और मऊ में चलाया जा रहा है।

एडीजी के अनुसार स्टंट ड्राइविंग के खिलाफ 5,561 वाहनों की चेकिंग की गई, जिनमें 225 का चालान किया गया। ओवरस्पीडिंग में 2,193 वाहनों का चालान किया गया, जबकि वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल पर 1,137 वाहनों का चालान किया गया और रील बनाने वाले 20 युवकों पर कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट 4,660 वाहनों का चालान कर 29,81,000 रुपये वसूले गए, जबकि बिना सीट बेल्ट के 322 वाहनों से 85,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान 14,039 युवाओं को सुरक्षित वाहन चलाने के लिए जागरूक किया गया। इसके अलावा तीन अवैध बस स्टैंड, 10 अवैध टैक्सी स्टैंड और 31 अवैध ई-रिक्शा स्टैंड चिह्नित कर हटाए गए।

एडीजी ने बताया कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में कमी लाने के लिए लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा।