अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के बयान के बाद सियासी हंगामा मच गया है। राहुल गांधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत साइड प्लेयर बनकर रह गया है, जबकि पाकिस्तान आगे आकर ईरान और अमेरिका से बात कर रहा था और भारत उस चर्चा में कहीं नहीं था। इस बयान पर बीजेपी ने उन्हें पाकिस्तान का फैन बॉय बताया है।

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को पाकिस्तान से इतना प्रेम है कि वह विदेशी धरती पर देश की छवि धूमिल करते हैं और उन्हें देशहित की परवाह भी नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान को आदर्श के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश कर रहे हैं और चाहते हैं कि भारत उसे देखकर अपनी विदेश नीति बनाए। भंडारी ने कहा कि भारत ही वह देश है जिससे रूस और यूक्रेन दोनों शांति समझौते की दरखास्त करते हैं, और ईरान भारत के लिए होर्मुज से प्रतिबंध हटा लेता है। उन्होंने यूपीए सरकार पर 26/11 हमले के बाद भी समझौता करने और पाकिस्तान को सबक न सिखाने का आरोप लगाया।

शुक्रवार सुबह राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच चर्चा की एक तस्वीर साझा की। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री इस टेबल पर कभी नहीं बैठ पाएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि भारत हमेशा से अंतरराष्ट्रीय मामलों में अपनी स्वतंत्र राय रखता रहा है और उसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों की चर्चाओं में आगे रहना चाहिए।

बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा कि राहुल गांधी का बयान क्षमा करने योग्य नहीं है और वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर केवल भारत की छवि खराब करने जाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के लोग यह मानना ही नहीं चाहते कि दुनियाभर में भारत का डंका बज रहा है।