कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिका में दावा किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के अंदर से ही उन्हें जानकारियां मिल रही हैं। यह बयान उन्होंने चुनाव में धांधली के आरोपों पर जवाब देते हुए दिया। उन्होंने कहा कि कई चुनाव अधिकारी इस संबंध में सामने आ रहे हैं, हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।

यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग खुद ही अंदर से जानकारियां दे रहा है और अब कुछ ही समय की बात है कि यह सिस्टम खत्म होगा। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग के वरिष्ठ अधिकारी कह रहे हैं कि अब वे यह और नहीं कर पाएंगे। बता दें कि कांग्रेस समेत विपक्षी दल लगातार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साध रहे हैं।

इससे पहले अक्टूबर में भी राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार के मैसेज आने का दावा किया था। पूछे जाने पर उन्होंने कहा था कि मैसेज आते हैं और वे प्रेस कॉन्फ्रेंस देख रहे हैं। उन्होंने सीईसी से गवाह बनने की बात कही थी और कहा था कि इस्तीफा देकर वे इस चक्कर से बाहर निकल सकते हैं। विपक्ष लगातार एसआईआर और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है।

चुनाव बहिष्कार पर राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पवित्र है और ठोस सबूतों के बिना इस पर सवाल कहना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष चुनाव नहीं लड़ेगा तो भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, इसलिए उनकी रणनीति जो कुछ हो रहा है उसे सबके सामने लाना और हमलों का सामना करना है।