रांची के जेवीएम श्यामली में सत्र 2027-28 के लिए 11वीं कक्षा में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 14 जनवरी है, जबकि रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 जनवरी निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा 17 जनवरी को आयोजित होगी।

सीबीएसई, आईसीएसई और जैक समेत किसी भी बोर्ड से 2027 में 10वीं की परीक्षा देने वाले विद्यार्थी इस नामांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन शुल्क 2000 रुपये है। विज्ञान संकाय के लिए गणित व विज्ञान में 200 में 164 अंक या पांच विषयों में 500 में 410 अंक आवश्यक हैं। वाणिज्य के लिए गणित व सामाजिक विज्ञान में 200 में 150 अंक या पांच विषयों में 375 अंक और मानविकी के लिए अंग्रेजी व सामाजिक विज्ञान में 200 में 150 अंक या पांच विषयों में 375 अंक निर्धारित हैं।

मेरिट सीटों पर सीधा नामांकन भी किया जाएगा। विज्ञान के लिए 200 में 180 अंक या 500 में 450 अंक, जबकि वाणिज्य व मानविकी के लिए 200 में 170 अंक या 500 में 425 अंक की शर्त रखी गई है। इच्छुक छात्र निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।