फिरोजाबाद के रसूलपुर में शनिवार शाम 220 किलोवोल्ट की पावर ग्रिड लाइन से लोहे की कोई वस्तु टकराने से 15 घरों में करंट दौड़ गया। मोहल्ला शांति नगर में सुभाषचंद्र सविता के घर रविवार को बेटे अंकुश का लगुन समारोह है और शनिवार शाम वहां मेहंदी का कार्यक्रम चल रहा था। घर की छत पर मौजूद उनके 26 वर्षीय बेटे विकास, 20 वर्षीय भतीजे धर्मेंद्र और 12 वर्षीय पौत्र अभी करंट लगने से झुलस गए।
घटना शाम करीब साढ़े छह बजे हुई, जब तेज धमाके के साथ करंट घरों में पहुंचा। इससे घरों के बिजली के मीटर जल गए और कुछ घरों में विद्युत उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा। छत पर बनी दीवार में भी दरार आ गई। हादसे के बाद परिवार और मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई और लोग दहशत में आ गए।
अभी की हालत सामान्य होने पर उसे क्षेत्र के ही निजी डॉक्टर को दिखाया गया। पार्षद अजब सिंह शंखवार परिजनों के साथ विकास और धर्मेंद्र को सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां दोनों युवकों की हालत सामान्य बताई गई है। ट्रामा सेंटर पहुंचकर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने हादसे की जानकारी ली। आशंका जताई जा रही है कि लोहे की कोई वस्तु 220 किलोवोल्ट की पावर ग्रिड लाइन की रेंज में आने से यह हादसा हुआ। सीओ ने बताया कि दोनों युवकों और बालक की हालत सामान्य है।
सोफीपुर से रसूलपुर क्षेत्र के आसफाबाद बिजली घर तक 220 किलोवोल्ट की यह पावर ग्रिड लाइन आई है और शांति नगर में कई घर इसके नीचे बने हुए हैं। इससे पहले 20 सितंबर को करंट दौड़ने से चार बच्चे झुलस गए थे, जिनमें तीन की मृत्यु हो गई थी।
