भारत में छठी पीढ़ी का फाइटर जेट बनाने की तैयारी चल रही है और इसकी पहली उड़ान 2030 तक संभव मानी जा रही है। डिफेंस कंपनी रेफी एमफाइबर इस विमान को तैयार कर रही है। कंपनी के अध्यक्ष विकास मिश्रा ने सोमवार को नेशनल सिक्योरिटी समिट में वायुसेना के अधिकारियों की मौजूदगी में भारत को छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान देने का ऐलान किया।

कंपनी के एक सूत्र के मुताबिक, यह विमान छठी पीढ़ी के सभी मानकों पर खरा उतरता है। कई मामलों में इसके पैरामीटर्स अमेरिका के एफ-35 लड़ाकू विमान से भी आगे बताए जा रहे हैं। फाइटर जेट को उनकी तकनीक और लड़ने की क्षमता के आधार पर अलग-अलग पीढ़ियों में बांटा जाता है। अभी भारत पांचवीं पीढ़ी का स्वदेशी स्टेल्थ फाइटर जेट एएमसीए बना रहा है, इसलिए एक प्राइवेट कंपनी का छठी पीढ़ी के फाइटर जेट का दावा चर्चा में है।

कंपनी के अनुसार, इस फाइटर जेट को बनाने में 12 देशों के विमान इंजीनियर जुड़े हैं और निर्माण के दौरान वायुसेना की जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है। कंपनी का दावा है कि उसने दुनिया में सर्वाधिक पेटेंट दायर किए हैं और एयरक्राफ्ट डिजाइन व निर्माण के लिए 10 करोड़ डॉलर का फंड जुटाया है। ड्रोन में विशेषज्ञता के साथ कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में 7 लाख वर्ग फुट में अपनी फेसिलिटी भी तैयार की है।

इस बीच, रक्षा मंत्रालय पांचवीं पीढ़ी के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एएमसीए) के विकास के लिए इसी महीने तीन औद्योगिक गठबंधनों में से एक का चयन करेगा। इनमें एलएंडटी, भारत फोर्ज और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड के गठबंधन शामिल हैं। चुना गया गठबंधन एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी के साथ मिलकर परियोजना पर काम करेगा।