रिलायंस रिटेल वेंचर्स की सब्सिडियरी रिलायंस ब्रांड्स लिमिटेड का वित्त वर्ष 2025-26 में राजस्व 3.77 प्रतिशत बढ़कर 3,390.89 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी का घाटा भी कम होकर 137.04 करोड़ रुपये रह गया है। यह जानकारी कंपनी की ओर से पंजीयक (आरओसी) के पास दाखिल दस्तावेजों से मिली है।

कारोबारी सूचना मंच 'टॉफलर' से मिले वित्तीय आंकड़ों के अनुसार रिलायंस ब्रांड्स ने वित्त वर्ष 2024-25 में ऑपरेशंस से 3,267.66 करोड़ रुपये का राजस्व और 237.12 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया था। रिलायंस ब्रांड्स की पैरेंट कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स है, जो खुद रिलायंस इंडस्ट्रीज की सब्सिडियरी है। रिलायंस रिटेल को मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी संभालती हैं।

कंपनी रणनीतिक साझेदारी, ब्रांड ओनरशिप और रिटेल ऑपरेशंस के जरिये भारतीय बाजार में वैश्विक फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड्स का कारोबार करती है। कंपनी ने कहा कि डिस्क्रिशनरी कंजम्पशन सेक्टर में काम करते हुए वह भारत में एक संपन्न ग्राहक वर्ग की जरूरतों को पूरा करती है, जिसमें अनुमानित 1.2 से 1.5 करोड़ उपभोक्ता शामिल हैं। कंपनी ने खुद को प्रमुख वैश्विक ब्रांडों के लिए पसंदीदा साझेदार के रूप में भी स्थापित किया है।

ईशा अंबानी रिलायंस रिटेल, रिलायंस जियो, रिलायंस फाउंडेशन, रिलायंस फाउंडेशन इंस्टीट्यूशन ऑफ एजुकेशन एंड रिसर्च और धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल की एग्जीक्यूटिव लीडरशिप टीमों का हिस्सा हैं। वह येल श्वार्जमैन सेंटर के एडवाइजरी बोर्ड के साथ-साथ स्मिथसोनियन नेशनल म्यूजियम ऑफ एशियन आर्ट, डिया आर्ट फाउंडेशन, LACMA और इंटरनेशनल वॉलीबॉल फेडरेशन के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज में भी शामिल हैं। ईशा अंबानी ने 2016 में भारत में रिलायंस के डिजिटल सर्विस बिजनेस 'जियो' की परिकल्पना करने और उसे लॉन्च करने में अहम भूमिका निभाई थी।