रोहतक के पीजीआईएमएस में मधुमेह से पीड़ित 450 से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं और हर माह करीब 10 नए मरीज सामने आ रहे हैं। दिवाली पर मिठाई खाने के बाद दो बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इन बच्चों को दिन में तीन बार इंसुलिन लेना पड़ता है और मीठे से दूर रहना पड़ता है।

पीजीआईएमएस रोहतक के शिशु रोग विभाग में दिवाली के बाद दो बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। झज्जर के नौवीं कक्षा के एक छात्र को तीन साल से मधुमेह है। उसने त्योहार पर मिठाई खा ली, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे चार दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। छात्र ने बताया कि मीठा खाने का मन करता है, लेकिन इंसुलिन की सुई की चुभन याद आते ही वह खुद को रोक लेता है। उसे दिन में तीन बार इंसुलिन लेना पड़ता है और शुगर स्तर खुद जांचना पड़ता है। उसकी मां ज्योति के अनुसार, करीब तीन साल पहले तक परिवार को बेटे की बीमारी का पता नहीं था। शरीर कमजोर होने और थकान की शिकायत के बाद पीजीआई में जांच कराई गई, जहां मधुमेह की पुष्टि हुई। परिवार में पहले किसी को यह बीमारी नहीं थी।

जींद की चौथी कक्षा की एक छात्रा की तबीयत दिवाली पर मिठाई खाने के बाद बिगड़ गई। पहले उसे चक्कर आए और फिर वह बेहोश हो गई। अस्पताल में खून की जांच में मधुमेह की पुष्टि हुई। परिवार के लिए यह चौंकाने वाली बात थी, क्योंकि घर में पहले किसी को यह बीमारी नहीं थी। पिता जोगेंद्र के मुताबिक, बेटी की हालत देखकर परिवार घबरा गया था। इलाज शुरू होने के बाद बच्ची होश में आई। चिकित्सकों ने उसे नियमित रूप से दिन में तीन बार इंसुलिन देने की सलाह दी है।

पीजीआईएमएस में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 450 मधुमेह पीड़ित बच्चे पंजीकृत हैं। इनके लिए हर बुधवार को विशेष क्लीनिक चलता है, जहां एक माह में शुगर के करीब दस नए मरीज सामने आते हैं। पीडियाट्रिक्स एंडोक्राइन विभाग की इंचार्ज डॉ. अंजलि वर्मा के अनुसार, मधुमेह पीड़ित बच्चों में अक्सर बार-बार यूरीन आना, प्यास लगना और वजन घटने की शिकायत सामने आती है। सांस तेज चलना और बच्चे का अचानक बेहोश होना गंभीर स्थिति मानी जाती है। उन्होंने बताया कि शुगर का इलाज अच्छा खाना, व्यायाम और इंसुलिन है।