सारनाथ के मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर के 95वें वार्षिकोत्सव और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हजारों बौद्ध अनुयायियों ने भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेष के दर्शन किए। महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश से आए भिक्षु और श्रद्धालु शामिल हुए।
विहाराधिपति भिक्षु आर सुमित्ता नन्द थेरो के नेतृत्व में वियतनाम से लाया गया भगवान बुद्ध का पवित्र अस्थि अवशेष मंदिर के मुख्य हाल में दर्शन के लिए रखा गया था। यह अवशेष वियतनामी नक्काशीदार मेज पर मोती और हीरा से जड़ित फ्लास्क में रखा गया था। सुबह 5:30 बजे बौद्ध भिक्षुओं ने भगवान बुद्ध की पूजा की और उसके बाद अवशेष श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा गया।
श्रीलंका, वियतनाम, थाईलैंड, नेपाल और म्यांमार के अलावा देश के श्रावस्ती, नागपुर, लखनऊ, कुशीनगर, बोधगया और लुम्बनी से आए बौद्ध भिक्षुओं तथा अनुयायियों ने सुबह 6 बजे से 11 बजे तक अस्थि अवशेष के दर्शन किए। मंदिर के मुख्य गेट से सारनाथ चौराहे तक लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान मंदिर और मठों को पंचशील झंडों तथा रंगीन झालरों से सजाया गया।
कार्यक्रम में महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के महासचिव भिक्षु पी शिबली थेरो, भिक्षु शील वंश, भिक्षु मैत्री, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, प्रवीण श्रीवास्तव, संजय मौर्य, रामधीरज सहित अन्य बौद्ध मठों के भिक्षु उपस्थित रहे। वियतनामी बौद्ध अनुयायियों ने दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं को अपराह्न तीन बजे तक प्रसाद वितरित किया, जबकि विभिन्न बौद्ध मंदिरों के आयोजन देर रात तक जारी रहे।
