शामली के बाबरी क्षेत्र के गांव भाजू निवासी भारतीय सेना के जवान मनीष पुत्र रामबीर सिंह हरियाणा के हिसार में प्रशिक्षण के दौरान शहीद हो गए। शनिवार दोपहर हिसार के भोजपुर गांव में चल रहे प्रशिक्षण के दौरान मनीष टैंक की चपेट में आ गए थे। रविवार शाम तक जवान का शव गांव नहीं पहुंचा था। अब सोमवार सुबह सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पिता रामबीर सिंह, जो रिटायर सूबेदार और हिंद केसरी पहलवान हैं, ने बताया कि शनिवार को हिसार प्रशिक्षण केंद्र से फोन द्वारा मनीष के घायल होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलने के बाद वह गांव से गाड़ी किराये पर लेकर हिसार पहुंचे थे। मनीष की भर्ती वर्ष 2019 में मेरठ से हुई थी।

ग्राम प्रधान बाबी ने बताया कि मनीष तीन बहनों और परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक छोटी बहन अभी अविवाहित है। उन्होंने बताया कि मनीष मिलनसार युवक था और छुट्टी में गांव आने पर अपने साथियों से मिलता-जुलता था।

मनीष की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व सरूरपुर खुर्द (मेरठ) निवासी बुलबुल से हुई थी। मनीष की अभी कोई संतान नहीं है।