भारतीय शेयर बाजार बुधवार को तेजी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 1502.29 अंक या 1.82 प्रतिशत बढ़कर 83,938.28 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 469.60 अंक या 1.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,819.25 पर बंद हुआ। इससे पहले सोमवार के सत्र में बाजार में भारी गिरावट देखी गई थी।
निफ्टी में सबसे ज्यादा बढ़त एचयूएल, बजाज फिनसर्व, टाटा कंज्यूमर, इंटरग्लोब एविएशन और एचडीएफसी लाइफ में रही, जबकि टाटा स्टील, ओएनजीसी, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, जेएसडब्ल्यू स्टील और मैक्स हेल्थकेयर में गिरावट दर्ज की गई। सेक्टरों की बात करें तो एफएमसीजी में 2.88 प्रतिशत, प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 2.2 प्रतिशत, फार्मा इंडेक्स में 1.7 प्रतिशत, ऑटो में 1 प्रतिशत और आईटी इंडेक्स में 0.8 प्रतिशत की तेजी आई। वहीं मीडिया में 4.3 प्रतिशत और मेटल्स में 2 प्रतिशत की गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में मामूली गिरावट रही, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 0.3 प्रतिशत नीचे आया।
एलकेपी सिक्योरिटीज के टेक्निकल एनालिस्ट वत्सल भुवा ने कहा कि सोमवार के सत्र में प्रॉफिट बुकिंग के बाद बुधवार को निफ्टी में जोरदार रिकवरी देखने को मिली और इसने 25,650 के अहम स्तर को फिर से हासिल कर लिया। हालांकि ऊंचे स्तरों पर बिकवाली का दबाव यह बताता है कि रेजिस्टेंस जोन के आसपास अभी भी प्रॉफिट बुकिंग हो रही है। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर बाजार का रुझान तेजी की ओर बना हुआ है।
वत्सल भुवा के अनुसार निफ्टी को 25,650 पर तत्काल सपोर्ट है, जबकि 26,000 का मनोवैज्ञानिक स्तर रेजिस्टेंस के रूप में काम कर रहा है। अगर निफ्टी 26,000 के स्तर को मजबूती से पार कर लेता है, तो यह 26,500 के अगले ऊपरी लक्ष्य तक पहुंचने का रास्ता खोल सकता है। इसलिए इंडेक्स ट्रेडर्स के लिए गिरावट पर खरीदारी की रणनीति अपनाना बेहतर रहेगा, साथ ही इन अहम स्तरों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए।
