बांग्लादेश ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी की योजना को खारिज कर दिया है। हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना बनाई है, जिस दिन देश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर विजय का उत्सव मनाता है। इस मुद्दे पर विशेषज्ञों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पूर्व राजनयिक वीणा सीकरी ने कहा कि जब से हसीना ने वापसी की बात कही है, बांग्लादेश में भूचाल मचा हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर हसीना को जान का खतरा भी होगा तो वह अपने ही देश में मरना पसंद करेंगी। सीकरी के मुताबिक, हसीना खुद भी लौटना चाहती हैं और उनके समर्थक भी यही चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश से मिले फीडबैक के आधार पर ही हसीना ने यह फैसला लिया होगा। सीकरी ने कहा कि बांग्लादेश के हालात लगातार खराब हो रहे हैं और देश आर्थिक तौर पर गहरे संकट में है।

हसीना (79) के प्रवक्ता ने बयान में बताया कि उन्होंने बांग्लादेश सरकार से राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से दिल्ली से उनकी वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। प्रवक्ता अली ने कहा कि हसीना ने नौ और 19 नवंबर को अपने वकील द्वारा भेजे गए पत्रों के जरिए नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग से जरूरी यात्रा दस्तावेजों का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि चूंकि हसीना पांच अगस्त, 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत गई थीं, इसलिए उन्होंने सरकार से दिल्ली से ढाका तक विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।

ढाका में हसीना के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया आई है। सरकार ने कहा है कि हसीना को हथकड़ियों में वापस लाया जाएगा और उनके साथ वैसा ही बर्ताव किया जाएगा जैसा विदेश में रह रहे किसी दोषी भगोड़े के साथ किया जाता है। बता दें कि छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक जनविद्रोह के कारण हसीना के 15 साल के शासन का अंत हुआ और वह पांच अगस्त, 2024 को भारत चली गईं, जहां वह निर्वासन में रह रही हैं।

हसीना को उस जनविद्रोह से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में नवंबर 2025 में मौत की सजा सुनाई गई थी, जिसमें सैकड़ों प्रदर्शनकारी मारे गए थे। बांग्लादेश भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, वहीं नई दिल्ली ने कहा है कि ढाका के अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के जरिए इसका अध्ययन किया जा रहा है। हसीना ने अपने खिलाफ आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह बांग्लादेश लौटना और अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करना चाहती हैं।