शिवसेना (शिंदे गुट) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा है कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एकनाथ शिंदे की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से बातचीत चल रही है। यह बयान उन्होंने भदोही में मीडिया से बात करते हुए दिया।
आनंद दुबे गुरुवार को विक्रमपुर महाराजगंज स्थित अपने घर आए थे। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में पूरी तरह से कानून का राज स्थापित हुआ है और गुंडे-माफियाओं का पलायन हो चुका है। इसके चलते निवेशकों की दस्तक से यूपी विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस बयान के समय यूपी में सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दलों—अपना दल एस, निषाद पार्टी, राष्ट्रीय लोक दल और सुभासपा—के बीच सीटों को लेकर रस्साकसी चल रही है।
समाजवादी पार्टी के पीडीए के सवाल पर आनंद दुबे ने कहा कि अखिलेश यादव के पीडीए का अर्थ परिवार डेवलपमेंट एथार्टी है और वह इसी के सहारे सपने देख रहे हैं। कांग्रेस-सपा के सीट शेयरिंग पर उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को शून्य दिया और यह शून्य कांग्रेस के खाते में कुछ अधिक आ गया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की अगले 50 वर्षों तक यही दशा रहने वाली है।
