बुधवार को चांदी 9,680 रुपए सस्ती होकर 1.43 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई, जो पिछले 13 महीनों का सबसे निचला भाव है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार चांदी अपने 3.80 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई से करीब 63 फीसदी नीचे आ चुकी है। वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 3,907 रुपए घटकर 1.21 लाख रुपए पर पहुंच गया, जो अपने 1.76 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई से करीब 32 फीसदी सस्ता है। शेयर बाजार में सेंसेक्स 1,502 अंक चढ़कर 83,938 पर बंद हुआ और निफ्टी 470 अंक की बढ़त के साथ 25,819 पर पहुंचा। बंद होने पर सेंसेक्स इस साल के शुरुआती स्तर से सिर्फ 1.5 फीसदी नीचे रहा।
सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की संपत्ति की CBI और ED से जांच कराने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को रद्द कर दिया। कोर्ट ने मामला हाईकोर्ट को वापस भेजते हुए कहा कि पहले राहुल गांधी का पक्ष सुना जाए, फिर नए सिरे से फैसला किया जाए। कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर ने 25 अप्रैल को इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर राहुल गांधी और उनके परिवार के सदस्यों की संपत्ति की जांच CBI और ED से कराने की मांग की थी।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत समेत 14 देशों पर नए शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसमें भारत से आने वाले सामान पर 25 फीसदी तक, चीन पर सबसे ज्यादा 40 फीसदी और वियतनाम पर 35 फीसदी तक टैरिफ लगाने की बात कही गई है। आरोप है कि ये देश जरूरत से ज्यादा सामान बना रहे हैं और उसे कम कीमत पर दुनिया में बेच रहे हैं।
केंद्र सरकार ने कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास से उनके पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी पर स्पष्टीकरण मांगा है। चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट कार्यालय ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब देने को कहा है और जवाब देने तक पासपोर्ट इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है। सौरव ने विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई है।
