सोनभद्र जिले में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर बसपा सुप्रीमो मायावती को आठ भुजाओं वाली दुर्गा के स्वरूप में दर्शाती एक राजनीतिक फ्लेक्सी लगाई गई है, जो चर्चा का विषय बनी हुई है। फ्लेक्सी पर मायावती के हाथों में संविधान, न्याय का तराजू, मीडिया का माइक तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान, आशीर्वाद और उद्योग-रोजगार से जुड़े प्रतीक दिखाए गए हैं।
फ्लेक्सी पर आशुतोष पाठक की तस्वीर भी लगी है। इसमें नीचे लिखा है कि मैया मायावती को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने और प्रदेश को साफ, सुरक्षित व शिक्षित बनाने की इच्छा है। विधानसभा चुनाव से पहले लगी इस फ्लेक्सी को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
हालांकि, इस संबंध में बसपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि चुनाव प्रचार को लेकर यह होर्डिंग लगाई गई है।
