विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले का इतिहास बेहद वैभवपूर्ण रहा है। प्रसिद्ध बंगला पत्रिका संवाद कौमुदी की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 1822 में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगे इस ऐतिहासिक मेले में देश भर के 50 राजाओं और 50 नवाबों ने अपने शाही खेमे लगाए थे। इस भव्य समागम में 20 हजार उमराव व जमींदार और 400 वरिष्ठ अंग्रेज पदाधिकारी भी शामिल हुए थे। यह जानकारी सारण प्रमंडल के पूर्व आयुक्त एके विश्वास ने सार्वजनिक की थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, 28 नवंबर 1822 को कार्तिक पूर्णिमा पर शुरू हुआ यह मेला सात दिनों तक चला था। उस दौर में सोनपुर के कालीघाट और हाजीपुर के कौनहारा घाट पर गंगा और गंडक नदियों का संगम हुआ करता था। कार्तिक पूर्णिमा के दिन संगम में स्नान के लिए बिहार प्रांत से करीब 5 लाख स्त्री-पुरुष और 50 हजार ब्राह्मण जुटे थे। नदी के दोनों तट साधु-संतों के महामिलन और गंगा-नारायणी के जयघोष से गुंजायमान थे।

बाबा हरिहरनाथ मंदिर के नाम पर प्रसिद्ध इस मेले का व्यापारिक स्वरूप उस समय भी बेहद विशाल था। संवाद कौमुदी के आंकड़ों के अनुसार उस वर्ष मेले में सर्वाधिक 50 हजार घोड़े बिक्री के लिए आए थे, जिनके लिए 10 हजार घोड़ा व्यापारी जुटे थे। इसके अलावा 5 हजार गाय-बैल, 200 हाथी-ऊंट और 500 बकरी, भेड़, कुत्ते व बिल्लियों का बाजार सजा था। मेले में 20 हजार रंग-बिरंगी चिड़िया और 5 हजार सामान्य दुकानदार भी रौनक बढ़ा रहे थे।

धार्मिक अनुष्ठानों और व्यापार के साथ-साथ मेले में मनोरंजन के इंतजाम भी थे। उस दौर के लोग भी लोक कलाओं के दीवाने थे। मेले में नृत्य, गीत और वाद्य यंत्रों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, जिनका आम श्रद्धालुओं से लेकर राजा-नवाबों तक ने आनंद उठाया था।