गन्ना किसानों को कटाई और ढुलाई में राहत देने के लिए गन्ना विभाग अब किराए पर हार्वेस्टर से गन्ने की कटाई कराएगा। देवीपाटन मंडल की चार गन्ना समितियों और जरवलरोड चीनी मिल के लिए केन हार्वेस्टर खरीदे गए हैं। किसान समिति में आवेदन करके 55 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कटाई करा सकते हैं। चीनी मिल खेत से गन्ने की ढुलाई की व्यवस्था भी करेगी।

उप गन्ना आयुक्त देवीपाटन परिक्षेत्र डॉ. आरबी राम के अनुसार, हार्वेस्टर से कटाई में आसानी होगी और किसान गन्ना समिति में आवेदन कर सकते हैं। एक घंटे में हार्वेस्टर से 100 से 150 क्विंटल गन्ने की कटाई होगी। विभाग के मुताबिक हार्वेस्टर से कटाई से उत्पादन बढ़ेगा और पराली प्रबंधन भी हो सकेगा।

देवीपाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती जिलों में चार लाख 87 हजार किसान दो लाख 80 हजार 500 हेक्टेयर में गन्ने की खेती करते हैं। इन किसानों को समय की बचत के साथ कटाई और ढुलाई में सुविधा मिलेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।