सुलतानपुर के अमहट स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) में आगामी एक दिसंबर से 400 नव चयनित दरोगाओं का प्रशिक्षण शुरू होगा। विद्यालय में इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पीटीएस प्रमुख एवं एसपी ब्रजेश मिश्र ने बताया कि प्रशिक्षण में शारीरिक के साथ-साथ मानसिक योग्यताएं विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
उप निरीक्षकों के प्रशिक्षण में तीन नए आपराधिक कानूनों के अलावा फॉरेंसिक साइंस, साइबर अपराध और महिला संबंधित अपराधों को प्राथमिकता से शामिल किया गया है। प्रशिक्षुओं के लिए फायरिंग और ड्राइविंग सीखने की नवीनतम प्रणाली के तहत सिमुलेटर स्थापित किए गए हैं। प्रशिक्षु फायरिंग और ड्राइविंग के साथ ही वास्तविक फील्ड प्रशिक्षण के साथ सिमुलेटर पर भी अभ्यास करेंगे, जिससे उन्हें विपरीत परिस्थितियों में ड्यूटी करने में असुविधा न हो।
विद्यालय में हॉस्टल, क्लासरूम, मेस, मनोरंजन गृह, लाइब्रेरी, फीजियोथेरेपी कक्ष, मॉडल थाना और हॉस्पिटल आदि की व्यवस्था भी बेहतर कर दी गई है। आउटडोर और इनडोर प्रशिक्षण के लिए कुशल अध्यापक भी नियुक्त किए गए हैं।
एसपी ब्रजेश मिश्र ने कहा कि सभी प्रशिक्षुओं से आशा है कि वे अनुशासन में रहकर प्रशिक्षण पूर्ण करेंगे। अनुशासन तोड़ने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
