सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को स्पष्ट किया कि किसी विधायक के अयोग्य हो जाने की आशंका मात्र से दोषसिद्धि के फैसले पर रोक नहीं लगाई जा सकती। जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने यह टिप्पणी कर्नाटक हाई कोर्ट के 31 जुलाई के आदेश को रद करते हुए की।
पीठ ने कहा कि अगर दोषसिद्धि पर रोक की शक्ति का ऐसा अर्थ लगाया जाए तो हर दोषी विधायक स्वत: रोक का हकदार हो जाएगा और वह सदस्य बना रहेगा, अपना कार्यकाल पूरा करेगा तथा आगे के चुनाव लड़ने के योग्य भी होगा, जबकि कानून के तहत तय परिणाम अनिवार्य रूप से लागू होने चाहिए। शीर्ष अदालत ने कहा कि दोषसिद्धि पर रोक केवल दुर्लभ और असाधारण मामलों में ही लगाई जा सकती है, और तभी जब अदालत संतुष्ट हो कि दोषी को ऐसे प्रतिकूल परिणाम भुगतने पड़ेंगे जिनकी भरपाई संभव नहीं होगी।
हाई कोर्ट ने भाजपा के जिला पंचायत सदस्य योगेश गौदर की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए आठ लोगों की सजा निलंबित कर जमानत दी थी, जिनमें कर्नाटक के पूर्व मंत्री विनय कुलकर्णी भी शामिल थे। शीर्ष अदालत ने कुलकर्णी की जमानत रद करते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा काटने के लिए दो सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।
पीठ ने कहा कि बिना कोई बाध्यकारी कारण बताए जघन्य अपराधों में दोषी ठहराए गए लोगों को सजा निलंबित करने का लाभ नहीं दिया जा सकता। अदालत ने कहा कि आपराधिक अपील का लंबित होना और निकट भविष्य में सुनवाई की संभावना कम होना हत्या, डकैती, दुष्कर्म और फिरौती जैसे गंभीर अपराधों में सजा निलंबित करने का आधार नहीं हो सकता। पीठ ने कहा कि हाई कोर्ट में अपीलों के लंबे समय तक लंबित रहने का मुद्दा मुख्य रूप से प्रशासनिक स्तर पर सुलझाया जाना चाहिए, और यह उन सैकड़ों अन्य दोषियों की समानता और स्वतंत्रता का भी प्रश्न है जो उम्रकैद की सजा का बड़ा हिस्सा काट चुके हैं।
