विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों से जुड़ी याचिकाओं और कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा इंडिया गठबंधन के अन्य नेताओं द्वारा पूछे गए 48 सवालों वाली अर्जी पर सुप्रीम कोर्ट मंगलवार (17 नवंबर) को सुनवाई के लिए तैयार नहीं हुआ। मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने स्पष्ट किया कि जब तक भारत निर्वाचन आयोग (ECI) इस अर्जी पर अपनी आपत्तियां दाखिल नहीं कर देता, तब तक सुनवाई नहीं होगी। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल हैं। पीठ ने कहा कि ECI के जवाब के बाद 9 दिसंबर को मामले की सुनवाई की जाएगी।

ECI की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने कहा कि आयोग को राहुल गांधी की इस अर्जी पर गंभीर आपत्तियां हैं और इसमें गंभीर पूर्वाग्रह है। इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि आयोग अपनी आपत्तियां उठा सकता है और अपना जवाब दाखिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि पीठ सवालों के मुद्दे पर विचार करेगी और फिर फैसला लेगी। राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल पेश हुए। सिब्बल ने कहा कि वे निर्वाचन आयोग से कुछ सवालों के जवाब मांग रहे हैं और इस बीच आयोग इनका जवाब दे सकता है।

राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में आवेदन देकर मांग की है कि निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त, मुख्य निर्वाचन आयुक्त और दोनों निर्वाचन आयुक्त हलफनामा दायर कर विभिन्न मुद्दों पर जवाब दें। इन मुद्दों में SIR को मंजूरी देना, मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाया जाना और आयोग की ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण प्रणाली में किए गए बदलाव शामिल हैं। याचिका में सवाल उठाया गया है कि क्या आयोग ने राष्ट्रव्यापी SIR से जुड़े फैसले सामूहिक निकाय के रूप में लिए थे या मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अन्य निर्वाचन आयुक्तों की जानकारी, मंजूरी या सहमति के बिना आयोग की शक्तियों का इस्तेमाल किया।

याचिकाकर्ताओं ने ऑनलाइन फॉर्म-6 में किए गए बदलावों और ईसीआईनेट तथा ईआरओनेट मतदाता सूची डेटाबेस के कामकाज पर भी सवाल खड़े किए हैं, जिसे उन्होंने केंद्रीकृत और गैरपारदर्शी बताया। आवेदन में शीर्ष अदालत से निर्देश देने का अनुरोध किया गया है कि सवालों के जवाब उप निर्वाचन आयुक्त भानु प्रकाश येतुरु, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी तथा आयोग की सूचना प्रौद्योगिकी महानिदेशक हलफनामे के माध्यम से दें। मामले में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सौगत रॉय, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, संजय राउत, एमए बेबी, डी राजा, महुआ माझी, सुप्रिया सुले, ईटी मोहम्मद बशीर, थोल थिरुमावलवन और सज्जात अहमद किचलू सह-याचिकाकर्ता हैं।