राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक पर चर्चा करने से पहले इसे संसद में पेश किया जाना चाहिए और इसकी पूरी प्रति सांसदों को उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि प्रावधानों को ठीक से समझकर चर्चा हो सके। सुले ने कहा कि हो सकता है कि यह एक अच्छा विधेयक साबित हो। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर विचार किया जाना चाहिए और देश में ऐसे कई मौके आए हैं जब सरकार और विपक्ष ने राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए मिलकर कानून पारित किए हैं।

इससे पहले भाजपा सांसद कंगना रनौत ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा था। उन्होंने राहुल गांधी पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया और दावा किया कि वह संसद में महिलाओं को पुरुषों के बराबर प्रतिनिधित्व मिलने के पक्ष में नहीं हैं।

परिसीमन का मतलब लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करना है। इसके तहत जनसंख्या और प्रतिनिधित्व के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय की जाती हैं। केंद्र सरकार का तर्क है कि नई जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन जरूरी है, जिससे लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने और महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार हो सकता है। विपक्षी INDIA गठबंधन का कहना है कि 543 सदस्यों वाली मौजूदा लोकसभा में ही 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए और वह महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने का विरोध करता रहा है।

महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर 16 अप्रैल 2026 को लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 पेश किया गया था, जिसका उद्देश्य लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करना और महिला आरक्षण को जल्द लागू करने का रास्ता तैयार करना था। हालांकि, 17 अप्रैल को यह विधेयक संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका, जिसके बाद इससे जुड़े परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक पर आगे की कार्यवाही नहीं हुई।