लखनऊ में सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर-300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में शनिवार को भारतीय शटलर तन्वी शर्मा ने महिला एकल के फाइनल में जगह बना ली। दूसरी वरीयता प्राप्त 17 वर्षीय तन्वी ने सेमीफाइनल में हमवतन और तीसरी वरीयता प्राप्त उन्नति हुड्डा को 11-21, 21-10, 21-13 से हराया। पहला गेम गंवाने के बाद उन्होंने लगातार दो गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम किया।

इस साल ताइपे ओपन सुपर 300 का खिताब जीत चुकी तन्वी का यह इस सत्र का दूसरा फाइनल होगा। रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में उनका सामना थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त सुपानिडा काटेथोंग से होगा, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त रिको गुंजी को 21-16, 20-22, 21-10 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

महिला युगल में पिछली विजेता और शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जाली ने यूक्रेन की तीसरी वरीयता प्राप्त पोलिना बुहरोवा और येवहेनिया कांतेमिर को 13-21, 21-10, 21-12 से हराया। यह जोड़ी हैट्रिक लगाने के इरादे से फाइनल में उतरेगी।

मिश्रित युगल में भारत के सात्विक रेड्डी कनापुरम और रेशिका उथायसूरियन को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। मलेशिया की वी यी हर्न और वन्नी गोबी ने उन्हें 21-17, 21-18 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।