उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादलों की तैयारी तेज हो गई है। चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए 30 नवंबर तक तबादलों की प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट भेजनी है। इसके मद्देनजर शासन और पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की तैनाती पर मंथन अंतिम दौर में बताया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि 26 से 28 नवंबर के बीच तबादलों की बड़ी सूची जारी हो सकती है, जिसमें आठ जिलों को नए पुलिस कप्तान मिल सकते हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, एडीजी जोन, आईजी रेंज और पुलिस कमिश्नरेट के शीर्ष पदों पर भी बदलाव संभव है। तीन एडीजी स्तर के अधिकारियों की तैनाती बदले जाने की चर्चा है, साथ ही एडीजी कानून-व्यवस्था के पद पर भी मंथन किया जा रहा है।

इस बार तबादलों का आधार केवल मौजूदा तैनाती का कार्यकाल नहीं होगा। पिछले विधानसभा चुनाव और उसके बाद हुए उपचुनावों के दौरान अधिकारियों की तैनाती का ब्योरा भी खंगाला जा रहा है। आयोग ने 31 मई 2027 को आधार मानकर निर्धारित अवधि पूरी कर चुके अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए हैं। गृह जिले में तैनाती और चुनाव के दौरान संबंधित क्षेत्र में तैनात रहे अधिकारियों के मामले भी जांच के दायरे में हैं। इस दायरे में एडीजी जोन से लेकर आईजी रेंज, पुलिस कमिश्नर और जिला पुलिस कप्तान तक शामिल होंगे।

चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह की सेवानिवृत्ति भी संभावित बदलाव की वजह बन सकती है। आयोग की गाइडलाइन के अनुसार 31 मई 2027 तक सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों को तीन वर्ष के कार्यकाल संबंधी स्थानांतरण प्रावधान से छूट है, लेकिन उन्हें चुनाव से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर तैनात नहीं किया जा सकता। ऐसे में चित्रकूट में नए कप्तान की तैनाती पहले हो सकती है। इधर, पुलिस महकमे में निचले स्तर पर तबादलों की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है और विभिन्न रेंज में तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती बदली जा चुकी है।