उत्तर प्रदेश में सोमवार से कई जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
राजधानी लखनऊ में सोमवार से घना कोहरा पड़ने की संभावना है, जिससे सुबह के समय धुंध की परत बनी रह सकती है। दृश्यता कम होने के साथ सुबह की धूप भी प्रभावित हो सकती है। नवंबर के आखिरी सप्ताह में राजधानी और आसपास के जिलों के तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
शनिवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा में अधिकतम नमी 75 प्रतिशत और न्यूनतम 47 प्रतिशत रही। हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री कम 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा। कानपुर में 11.8 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 11.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ, वहीं बरेली का दिन का तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री कम 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सोमवार से मौसम में बदलाव के आसार हैं, जिसका असर सुबह और रात के समय अधिक दिख सकता है। पूर्वी जिलों में घने कोहरे के कारण सुबह और रात को दृश्यता 100-200 मीटर तक रह सकती है, जबकि लखनऊ में मध्यम कोहरे के चलते दृश्यता 200 मीटर तक पहुंच सकती है। गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, रामपुर और शाहजहांपुर सहित कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
