मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पश्चिम चंपारण को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की बात कही है। बेतिया में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर जैसी पवित्र धरती को इको टूरिज्म के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए लव-कुश पार्क सहित पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर की धार्मिक मान्यताओं, प्राकृतिक सुंदरता और इको टूरिज्म की संभावनाओं को जोड़कर इसे पर्यटन हब बनाया जाएगा और क्षेत्र में होटल तथा ठहरने की सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपारण में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए वाल्मीकिनगर और रक्सौल में एयरपोर्ट विकसित करने की योजना है। मुजफ्फरपुर में भी बड़े एयरपोर्ट का काम शुरू होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हवाई सेवाओं के विस्तार से इस क्षेत्र में पर्यटकों का आवागमन आसान होगा और पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से पश्चिम चंपारण को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना में किसी की जाति या धर्म नहीं पूछा जाता और इसका लाभ जरूरतमंदों को दिया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 के बीच बिहार में इस योजना के तहत 65 लाख परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है, जिनमें 43 लाख मकानों का लक्ष्य पूरा होने का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद वर्ष 2014 तक के करीब 70 वर्षों में बिहार में 70 लाख मकान भी नहीं दिए गए थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महज 12 वर्षों में 65 लाख परिवारों को आवास मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के करीब 10 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने की चिंता कर रही है और राज्य की लगभग 14 करोड़ आबादी में बड़ी संख्या में लोगों को खाद्यान्न का लाभ मिल रहा है। बिजली उपभोक्ताओं के आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में करीब 2.22 करोड़ बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें 1.92 करोड़ घरेलू उपभोक्ता हैं। राज्य सरकार प्रत्येक पात्र परिवार को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता देने के साथ 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है।
