वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को एक्सपायरी मिलेट मिक्चर परोसे जाने का मामला सामने आया है, जिससे यात्रियों में आक्रोश है। टाटानगर से सफर कर रहे यात्रियों को गुरुवार को शाम के नाश्ते के दौरान एक्सपायरी मिलेट मिक्चर मिला। बेहतर सेवा के नाम पर यात्रियों से दोगुने से अधिक किराया वसूलने वाली इस ट्रेन की कैटरिंग व्यवस्था पर इस घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक यात्री ने रेलमंत्री को टैग कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।

चक्रधरपुर मंडल के वरीय वाणिज्य प्रबंधक आदित्य चौधरी ने इसे बड़ी चूक बताया और कहा कि इस पर तत्काल एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने ट्रेन में मौजूद सभी पैकेट सीज करने का आदेश देने की बात कही। साथ ही आईआरसीटीसी को पत्र भेजकर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा जाएगा।

इससे पहले भी कैटरिंग व्यवस्था को लेकर शिकायतें मिल चुकी हैं। फिलहाल मामले की जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।