नया घर खरीदना या बनवाना जीवन के खास पलों में से एक माना जाता है। हर कोई चाहता है कि नए घर में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली बनी रहे। वास्तु शास्त्र में घर के निर्माण से लेकर उसमें प्रवेश करने तक कई बातों का ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। इनमें से एक है नए घर में कुछ पुरानी चीजों को न ले जाना। अक्सर लोग पुराने घर का सामान नए घर में ले आते हैं, क्योंकि सभी चीजें नई खरीदना संभव नहीं होता। लेकिन जल्दबाजी में कई बार खराब या अनुपयोगी चीजें भी नए घर में आ जाती हैं, जिन्हें वास्तु दोष का कारण माना जाता है।

वास्तु शास्त्र में टूटे हुए बर्तनों और चटके हुए कांच को शुभ नहीं माना जाता। मान्यता है कि टूटी चीजें घर में नकारात्मकता और अशांति ला सकती हैं। इसलिए नए घर में प्रवेश से पहले टूटे कप, प्लेट, शीशे और अन्य कांच की वस्तुओं को हटा देना चाहिए। थोड़ा चिटका हुआ बर्तन भी नए घर में इस्तेमाल न करने की सलाह दी जाती है। इसी तरह बंद या खराब घड़ियां भी नए घर में नहीं लानी चाहिए। घड़ी को समय और निरंतर प्रगति का प्रतीक माना जाता है और वास्तु मान्यताओं के अनुसार बंद घड़ी रखने से बनते हुए काम बिगड़ सकते हैं।

वास्तु के अनुसार फटे या पुराने कपड़े भी नकारात्मकता को न्योता देते हैं। नए घर में प्रवेश के समय पुराने या फटे कपड़े ले जाने से नकारात्मक ऊर्जा भी साथ आ सकती है। पुराने कपड़ों का इस्तेमाल नए घर में पोछे के लिए भी न करने की सलाह दी जाती है। वहीं टूटे हुए फर्नीचर में सबसे ज्यादा नकारात्मक ऊर्जा होने की मान्यता है। इसलिए टूटी कुर्सियां, खराब मेज, टूटी अलमारी या कोई भी अनुपयोगी फर्नीचर नए घर में न ले जाना वास्तु के अनुकूल बताया जाता है।

घर में हरे-भरे पौधे ताजगी और सकारात्मकता का प्रतीक माने जाते हैं, जबकि सूखे और मुरझाए पौधों को वास्तु की दृष्टि से अच्छा नहीं माना जाता। नए घर में प्रवेश करते समय सूखे या मुरझाए पौधे और फूल न ले जाने की सलाह दी जाती है। कई बार लोग सूखे पौधे इस उम्मीद से ले जाते हैं कि वे फिर हरे हो जाएंगे, लेकिन मान्यता है कि ये नए घर के लिए वास्तु दोष का कारण बन सकते हैं। इस लेख में दी गई जानकारी विभिन्न माध्यमों, मान्यताओं और धर्मग्रंथों से संग्रहित है, जिसे पाठक अपने विवेक से परखें।