उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। 91 वर्षीय सावित्री देवी कुछ समय से बीमार चल रही थीं। उन्होंने पौड़ी गढ़वाल के पंचुर यमकेश्वर स्थित आवास पर सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। वह अपने छोटे बेटे के साथ योगी के पैतृक गांव में रहती थीं।
मां के निधन की खबर मिलने के बाद भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने कर्तव्य पर डटे रहे। गोरखपुर में टैबलेट वितरण के लिए आयोजित कार्यक्रम में करीब 50 हजार छात्र-छात्राएं उनका इंतजार कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, सीएम को दुखद समाचार मिल चुका था, लेकिन उन्होंने अपने दर्द को दबाकर बच्चों को खुशी बांटने का फैसला किया। वह कार्यक्रम में पहुंचे, बच्चों को टैबलेट बांटे और यूपी के विकास पर भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अपने चेहरे पर गम का कोई भाव नहीं आने दिया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों से हाथ में टैबलेट लेकर खुशी व्यक्त करने को कहा और उनके साथ सेल्फी भी ली।
संन्यासी जीवन में योगी आदित्यनाथ लंबे समय तक परिवार से दूर रहे, लेकिन मां से उनका विशेष लगाव रहा। इसी साल जून में सावित्री देवी को ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया था, तब सीएम उनसे मिलने पहुंचे थे। 2022 में भी करीब पांच साल बाद घर पहुंचने पर उनकी मां से मुलाकात चर्चित रही थी।
सार्वजनिक जीवन में कर्तव्य की ऐसी मिसाल पीएम मोदी ने भी पेश की थी। दिसंबर 2022 में पीएम मोदी की मां हीराबेन के निधन के बाद उन्होंने अंतिम संस्कार के तुरंत बाद तय सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। अब सीएम योगी आदित्यनाथ के इस कदम की सोशल मीडिया पर काफी तारीफ हो रही है।
