योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के लिए वह हमेशा 'अजय' ही रहे, भले ही दुनिया उन्हें योगी के नाम से जानती हो। पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव निवासी सावित्री देवी अंतिम सांस तक बेटे के संन्यास की पीड़ा महसूस करती रहीं। जिस अजय को उन्होंने गोद में खिलाया और उंगली पकड़कर जीवन की राह दिखाई, वही एक दिन संसार से विरक्त होकर संन्यासी बन गया।

वर्ष 1994 में महज 22 वर्ष की उम्र में अजय सिंह बिष्ट ने नाथ संप्रदाय की दीक्षा लेकर संन्यास धारण कर लिया। उन्होंने सिर मुंडवाया, कान छिदवाए, भगवा वस्त्र ओढ़े और गोरखपुर की ओर प्रस्थान कर गए। परिवार को इस फैसले की जानकारी कई महीने बाद हुई। बेटे के संन्यास की खबर सुनकर मां सावित्री देवी फूट-फूटकर रोईं और उनसे मिलने गोरखपुर पहुंचीं। पिता आनंद सिंह बिष्ट ने कहा था कि बेटे की इच्छा का सम्मान करना चाहिए। महंत अवैद्यनाथ ने भी परिवार को सांत्वना दी।

वर्ष 1998 में संन्यासी जीवन की अंतिम पारंपरिक प्रक्रिया पूरी करने के लिए योगी आदित्यनाथ पहली बार घर लौटे। जिस मां ने अपने हाथों से बेटे को निवाला खिलाया था, उसी के सामने बेटा भिक्षा लेने के लिए खड़ा था। सावित्री देवी ने अपने बेटे को फल, चावल और रुपये भिक्षा में दिए। बहन शशि सिंह ने बताया था कि उस समय पूरा परिवार रोया था और महाराज जी की आंखें भी नम थीं। उन्होंने उस पल की तुलना बेटी की विदाई से की थी।