उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'योगी की पाती' पहल के 50 सप्ताह पूरे हो गए हैं। इस पहल के तहत मुख्यमंत्री हर सप्ताह प्रदेशवासियों के नाम पत्र लिखते हैं। इस पाती में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 25 करोड़ लोगों को अपना परिवार कहा और इसे केवल पत्र-लेखन की प्रक्रिया नहीं, बल्कि परिवार से संवाद का अवसर बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, जनता के नाम पाती लिखने का विचार उन्हें वनटांगिया गांव के दौरे के दौरान आया था। वनटांगिया वह समुदाय है, जो दशकों तक हाशिये पर रहा और जिसके लिए पहचान तथा सम्मान हासिल करना भी एक संघर्ष था। वहां से लौटकर संवाद की जो भाषा गढ़ी गई, उसमें कर्तव्य से आगे बढ़कर रिश्ते का भाव दिखता है।

पातियों में दफ्तरी योजनाओं की सूची नहीं, बल्कि जीवन के वे पल हैं, जिनसे एक आम आदमी का घर सीधे जुड़ता है। अपनी पाती में मुख्यमंत्री माता-पिता से अपील करते हुए बच्चों को संदेश देते हैं कि वे रील्स की चमक के पीछे भागने के बजाय असल जीवन को चुनें। गर्मी की छुट्टियों में उन्होंने बच्चों को छुट्टियों का सदुपयोग करने की राह दिखाई। ननिहाल और ददिहाल में समय बिताने की बात कही गई और दुधवा तथा कतर्नियाघाट जैसे स्थानों के जरिये इको-फ्रेंडली पर्यटन की सीख दी गई। पत्र के अंत में पर्यावरण सुरक्षा की अपील थी कि छुट्टियों को प्लास्टिक-मुक्त बनाया जाए।

बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती से पहले लिखी गई पाती में कृतज्ञता का भाव था। मुख्यमंत्री ने उसमें बाबासाहेब को संविधान की रूपरेखा गढ़ने वाला महापुरुष बताया। वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर लिखी गई पाती में बुजुर्गों के सम्मान की बात थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए। उन्होंने मासिक पेंशन बढ़ाकर 1500 रुपये करने का उल्लेख भी किया।