लखनऊ में 'योगी की पाती' के 50 सप्ताह पूर्ण होने पर लगी प्रदर्शनी का रविवार को समापन हो गया। प्रदर्शनी को युवाओं का उत्साहपूर्वक साथ मिला। युवाओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कैनवास पर अपने विचार लिखकर साझा किए। इस अवसर पर 'रंग दे बसंती' की ओर से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें अवधी और भोजपुरी समेत विभिन्न लोकगीतों व लोकनृत्यों का आनंद लिया गया।
फोक मीडिया फाउंडेशन की ओर से खुशी एंड टीम के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। गणेश वंदना से ईश वंदना की गई, जिसमें अभिजीत, राम शास्त्री, कृष्ण रावत, अंशिका, संध्या, निक्की और हीना ने भाग लिया। इसके बाद कलाकारों और युवाओं ने लोकगीतों पर नृत्य किया। अंशिका, संध्या, शालू, निष्ठा, राम, कृष्ण रावत, यशी, विनय, शिवांग, अभिषेक दुबे, निशांत पांडेय और उद्भव सिंह की सामूहिक प्रस्तुति ने राहगीरों को रुककर झूमने पर विवश कर दिया। कोरियोग्राफी राकेश कुमार और खुशी ने की। अवधी लोकनृत्य में संगमलता, शालिनी, नीतू और खुशी सहित कलाकारों ने किसानों के मनोभाव को प्रस्तुत किया।
मुंबई से आए गायक अंश और उनकी टीम ने लाइव बैंड की प्रस्तुति दी। अंश के साथ ऑर्गन पर आदित्य, ड्रम पर ऋषभ और गिटार पर शहनवाज ने संगत की। श्रोताओं ने मोबाइल की लाइट जलाकर नृत्य किया।
प्रदर्शनी में आए लोगों ने 'योगी की पाती' का अवलोकन किया और कैनवास पर अपने मनोभाव लिखे। अनुपम कृष्ण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अभिभावक वाली छवि की सराहना की, जबकि रोहित गुप्ता ने लिखा कि योगी हैं तो गुंडों का सफाया हुआ। कुछ लोगों ने 'वी लव योगी बाबा' और 'वी लव बुलडोजर बाबा' जैसे भाव व्यक्त किए, तो पुलकित ने 'वन गोल-वन मिशन- योगी 3.0' लिखा। 'फ्रेंड्स ऑफ योगी' की टीम ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें प्रदेश में बीते वर्षों में हुए विकास कार्यों, विभिन्न क्षेत्रों में आए सकारात्मक बदलावों और मुख्यमंत्री के 'उत्तम प्रदेश' के संकल्प एवं विजन से अवगत कराया। युवाओं ने क्विज में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसमें मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों से जुड़े सवाल पूछे गए। युवाओं ने स्टाल पर लगे कैनवास पर हस्ताक्षर करके 'उत्तम प्रदेश' के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी लिया। वॉलंटियर विवेक कुमार, जीवन दीप, देवव्रत मिश्रा, उजाला विश्वकर्मा और अशेष सहित अन्य वॉलंटियर्स को डायरी, कप और हुडी भेंट की गई।
