सोशल मीडिया कंपनी मेटा और विपक्षी दल के बीच टकराव बढ़ गया है। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स रोके जाने के विरोध में शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम स्थित मेटा के कार्यालयों पर प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे हाथों में तख्तियां लिए लगभग 25 कांग्रेस कार्यकर्ता हैदराबाद के रायदुर्गम स्थित 'स्काई व्यू' परिसर में दाखिल हुए, जहां मेटा का कॉर्पोरेट कार्यालय है। प्रदर्शनकारियों ने परिसर के भीतर नारेबाजी की और गलियारे में रखे फूलों के गमलों तथा अन्य सामान को तोड़ दिया, इसके बाद वे वहीं धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर रायदुर्गम पुलिस मौके पर पहुंची।

रायदुर्गम इंस्पेक्टर टी. भूपति ने बताया कि तेलंगाना युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्कीदी शिव चरण रेड्डी और 20 अन्य कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया गया। बाद में जरूरी जमानत मुचलके पेश करने पर सभी को रिहा कर दिया गया।

कंपनी द्वारा दोनों खातों को तुरंत बहाल किए जाने के बाद भी युवा कांग्रेस ने मेटा पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाते हुए सात दिनों का अल्टीमेटम जारी किया है। संगठन ने 'एक्स' पर मेटा को भाजपा का बेटा बताते हुए कहा कि भारत एक लोकतंत्र है, किसी की निजी संपत्ति नहीं। युवा कांग्रेस ने मेटा से निष्पक्ष मंच के रूप में काम करने का आह्वान करते हुए विपक्षी आवाजों, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स पर लगे सभी प्रतिबंधों और पोस्ट्स से पाबंदियां हटाने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि समयसीमा में मांगें पूरी न होने पर वह यह लड़ाई अदालतों, सड़कों और कंपनी के दफ्तरों तक लेकर जाएगी।