हैदराबाद में 14 नवंबर को आयोजित 'भारत समिट' कार्यक्रम के दौरान इटली के राजनेता जियाकोमो फिलिबेक द्वारा 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारा लगाए जाने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। याचिकाकर्ता जाहिद अली ने शीर्ष अदालत से मांग की है कि देश के किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम में विदेशी लोगों को शामिल होने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के इस कार्यक्रम की जांच कराने और तेलंगाना सरकार से माफी मांगने की भी मांग की है।

कार्यक्रम का आयोजन तेलंगाना सरकार और समृद्ध भारत फाउंडेशन ने मिलकर किया था। इसमें फिलिबेक ने राहुल गांधी की मौजूदगी में यह नारा लगाया था। उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक व्यक्ति, एक वोट के सिद्धांत का समर्थन करते हैं और उन्होंने पारदर्शी वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अभियान चलाया। फिलिबेक ने भारत के लोकतंत्र पर भी लंबा भाषण दिया।

इस बीच बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि भारत समिट को 'एंटी भारत समिट' कहना उपयुक्त होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का मकसद विदेशियों को बुलाकर भारत के खिलाफ बयान दिलवाना और देश को बदनाम करना है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी विदेश दौरों पर भारत के लोकतंत्र पर झूठे आरोप लगाते हैं।

कांग्रेस का कहना है कि इस कार्यक्रम में आमंत्रित कम से कम 116 विदेशी प्रतिनिधियों को भारत आने की अनुमति नहीं दी गई। इनमें नॉर्वे की पत्रकार हेला लिंग भी शामिल थीं, जिनका अंतिम समय में वीजा रद्द हो गया। हेला उस वक्त चर्चा में आई थीं जब उन्होंने पीएम मोदी से सवाल किया था।