महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को हुए आतंकी हमले की गुरुवार को 18वीं बरसी है। पाकिस्तान से नाव के जरिए आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने करीब 60 घंटे तक शहर को बंधक बनाए रखा था। इस दौरान आतंकियों ने 160 से ज्यादा लोगों की जान ले ली थी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने नौ आतंकियों को मौके पर मार गिराया था, जबकि एक आतंकी अजमल कसाब जिंदा पकड़ा गया था।
मूल घटना के मुताबिक, 26 नवंबर, 2008 की शाम कोलाबा के समुद्री तट पर एक बोट से दस आतंकी उतरे और मछलीमार कॉलोनी के रास्ते शहर में घुसे। इसके बाद वे दो-दो के समूहों में बंट गए। इनमें से दो आतंकी नरीमन हाउस की तरफ बढ़े, जबकि दो छत्रपति शिवाजी टर्मिनल (सीएसटी) की तरफ। वहीं, दो-दो आतंकियों की टीम होटल ताजमहल और बाकी बचे आतंकी होटल ट्राईडेंट ओबरॉय की तरफ बढ़ गए। इमरान बाबर और अबू उमर नामक आतंकी लियोपोल्ड कैफे पहुंचे और रात करीब साढ़े नौ बजे वहां एक जोरदार धमाका किया, जिसके बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आतंकियों की एक दूसरी टीम, जिसमें कसाब और अबू इस्माइल खान शामिल थे, सीएसटी पहुंची और अंधाधुंध गोलियां बरसाने लगी। देखते ही देखते इन आतंकियों ने 50 से अधिक लोगों को मौत के घाट उतार दिया। तीसरी टीम होटल ताजमहल और चौथी टीम होटल ट्राईडेंट ओबरॉय पहुंच गई और यहां भी ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं। होटल ट्राईडेंट ओबरॉय में 30 से अधिक लोग मारे गए। इस हमले में आतंकियों से लोहा लेते महाराष्ट्र एटीएस के प्रमुख हेमंत करकरे, पुलिस अधिकारी विजय सालस्कर, आईपीएस अशोक कामटे और कॉन्स्टेबल संतोष जाधव शहीद हो गए। कई घंटों तक चली मुठभेड़ में आखिरकार राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड्स (एनएसजी) ने नौ आतंकियों को मार गिराया और 10वें आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया।
पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी के पूर्व प्रमुख तारिक खोसा ने डॉन अखबार के लिए लिखे एक लेख में कई खुलासे किए थे। उनके मुताबिक, जांच में यह बात सामने आई थी कि कसाब पाकिस्तान का ही रहने वाला था और उसकी प्राथमिक शिक्षा वहीं हुई थी, जिसके बाद वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन में शामिल हो गया था। जांचकर्ताओं के मुताबिक, कसाब की ट्रेनिंग सिंध प्रांत के थाट्टा में एक ट्रेनिंग कैंप में हुई थी, जहां लश्कर के आतंकियों को ट्रेनिंग दी जाती है, और मुंबई हमले में मिले हथियार और बम इसी ट्रेनिंग कैंप के थे। तारिक खोसा ने यह भी खुलासा किया था कि आतंकियों ने मुंबई पहुंचने के लिए पाकिस्तानी नावों के साथ-साथ भारतीय नावों का भी इस्तेमाल किया था। आतंकियों ने मुंबई आने के लिए जिस बोट का इस्तेमाल किया, उसे कराची की एक दुकान से लश्कर के ही आतंकियों ने खरीदा था। जांचकर्ताओं के मुताबिक, आतंकियों को कराची में बैठे उनके आकाओं द्वारा लगातार निर्देश दिए जा रहे थे, हालांकि वे खुफिया तरीके से एक-दूसरे से संपर्क में थे।