आधार कार्ड में ईमेल आईडी जोड़ने, बदलने या अपडेट करने के लिए यूआईडीएआई ने मुफ्त सुविधा की आखिरी तारीख 31 दिसंबर 2026 तय की है। इस तारीख के बाद ईमेल अपडेट के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ सकता है। फिलहाल ईमेल जोड़ने और अपडेट करने पर कोई फीस नहीं ली जा रही है।

इस काम के लिए आधार केंद्र जाने की जरूरत नहीं है। नए आधार ऐप के जरिए घर बैठे ईमेल अपडेट की रिक्वेस्ट डाली जा सकती है। इसके लिए आपके मोबाइल नंबर का आधार से लिंक होना जरूरी है, ताकि लॉगिन के दौरान आने वाला ओटीपी दर्ज किया जा सके। नया ईमेल एड्रेस भी आपके पास होना चाहिए, क्योंकि वेरिफिकेशन के लिए उस पर ओटीपी भेजा जाएगा। इसके अलावा ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।

प्रक्रिया के तहत सबसे पहले आधार ऐप डाउनलोड करके लॉगिन करें। इसके बाद सर्विसेज सेक्शन में जाकर ईमेल एड/अपडेट का विकल्प चुनें और नया ईमेल एड्रेस दर्ज करें। नए ईमेल पर आए ओटीपी को दर्ज करके वेरिफिकेशन पूरा करें। इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार फेस वेरिफाई करें। ईमेल एड्रेस को एक बार ध्यान से जांच लें और सारी जानकारी सही होने पर रिक्वेस्ट सबमिट कर दें।

आधार कार्ड जरूरी दस्तावेजों में से एक है, इसलिए इसमें दर्ज जानकारी का सही और अपडेटेड होना जरूरी है। अगर आपने अब तक अपना ईमेल एड्रेस आधार से लिंक नहीं कराया है या पुराना ईमेल बदलना चाहते हैं, तो यह मुफ्त अपडेट का अवसर 31 दिसंबर 2026 तक ही उपलब्ध है।