भारत सरकार ने 2023 में Sanchar Saathi पोर्टल लॉन्च किया था, जिसमें सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) सिटिजन सर्विसेज उपलब्ध हैं। इस पोर्टल या इसके मोबाइल ऐप की मदद से यूजर्स संदिग्ध और स्पैम कॉल्स की रिपोर्ट कर सकते हैं, अपने नाम पर लिए गए फोन कनेक्शन जांच सकते हैं, अपने इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर की डिटेल निकाल सकते हैं, भारतीय नंबरों पर आने वाली इंटरनेशनल कॉल्स की रिपोर्ट कर सकते हैं और अपने हैंडसेट की ऑथेंटिसिटी जांच सकते हैं। इसकी एक अहम सुविधा चोरी या गुम हुए हैंडसेट को रिमोटली ब्लॉक करने की क्षमता है, जिससे फोन के गलत इस्तेमाल को रोका जा सकता है।
Sanchar Saathi पोर्टल या मोबाइल ऐप के जरिए IMEI नंबर से फोन ब्लॉक करने की रिक्वेस्ट डालने से पहले कुछ जरूरी तैयारियां करनी होती हैं। सबसे पहले पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराकर गुम या चोरी हुए हैंडसेट की FIR कॉपी लेनी होती है। OTP वेरिफिकेशन के लिए खोए हुए मोबाइल नंबर का डुप्लीकेट या री-इश्यू किया गया SIM कार्ड भी लेना होगा।
इसके अलावा फॉर्म भरने के लिए आधार जैसा वैलिड आइडेंटिटी कार्ड और उसका ID नंबर तैयार रखना चाहिए। फोन को रिमोटली ब्लॉक करने की रिक्वेस्ट डालने के लिए डिवाइस का इनवॉइस और उसकी डिजिटल कॉपी होना जरूरी है। आखिर में गुम हुए हैंडसेट के IMEI नंबर चाहिए होंगे, जो आमतौर पर बिल पर या फोन के बॉक्स के पीछे प्रिंट होते हैं।
इन तैयारियों के बाद यूजर पोर्टल पर जाकर या Sanchar Saathi मोबाइल ऐप डाउनलोड करके अपने फोन को ब्लॉक और अनब्लॉक कर सकता है।
