बाढ़ थाना क्षेत्र के अचुआरा गांव में शुक्रवार की सुबह एक युवक अपनी दुल्हन की विदाई न होने से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह नीचे उतरने को तैयार नहीं है और जान देने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है।
टावर पर चढ़े युवक की पहचान नेउरा गांव निवासी 24 वर्षीय आकाश कुमार के रूप में हुई है। वह मंटू कुमार पंडित और सरस्वती देवी का पुत्र है। गांव के सामुदायिक भवन के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर वह अपनी दुल्हन की विदाई कराने की मांग कर रहा है। उसका कहना है कि शादी हुई है तो दुल्हन की विदाई होनी चाहिए, अन्यथा वह अपनी जान दे देगा।
आकाश की मां सरस्वती देवी ने बताया कि उनके बेटे की शादी 20 नवंबर को हुई थी। परिवार दिल्ली में रहता है और शादी के सिलसिले में ही वे लोग दिल्ली से गांव आए थे। आकाश दिल्ली में छोले-भटूरे बेचने का काम करता है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले चोट लगने के कारण आकाश के पैर में रॉड डाली गई थी, जिससे वह ठीक से मुड़ नहीं पाता और उसमें समय लगेगा। परिजनों के अनुसार, इसी शारीरिक परेशानी को आधार बनाकर लड़की के माता-पिता उसे अपने साथ ले गए हैं और दुल्हन की विदाई नहीं कर रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, दुल्हन की विदाई न होने से आकाश काफी परेशान था और लगातार अपनी पत्नी को विदा कराने की मांग कर रहा था। शुक्रवार की सुबह वह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया और अचुआरा गांव में सामुदायिक भवन के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही बाढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी है। फिलहाल उसे नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
