सामान्य तौर पर शरीर का इम्यून सिस्टम वायरस, बैक्टीरिया और अन्य हानिकारक बाहरी तत्वों से रक्षा करता है, लेकिन ऑटोइम्यून बीमारी में यह अपनी ही स्वस्थ कोशिकाओं को खतरा मानने लगता है। इससे शरीर के अलग-अलग अंगों में सूजन और नुकसान हो सकता है। उदाहरण के लिए, टाइप-1 डायबिटीज में इम्यून सिस्टम इंसुलिन बनाने वाली पैंक्रियाज की कोशिकाओं पर हमला करता है, रूमेटॉइड आर्थराइटिस में जोड़े प्रभावित होते हैं और हाशिमोटो थायरॉइडाइटिस में थायरॉइड ग्रंथि पर असर पड़ता है।
रुमेटोलॉजिस्ट विशेषज्ञ डॉ. बीडी पांडेय (फोर्टिस अस्पताल) के अनुसार, जब इम्यूनिटी अपने ही खिलाफ लड़ने लगे तो इसे ऑटोइम्यून कंडीशन कहा जाता है। जैसे घर का कूड़ा बाहर किया जाता है, वैसे ही शरीर के टॉक्सिन्स को बाहर निकालने की व्यवस्था काम करती है। भोजन और पानी का निस्तारण भी शरीर करता है। अगर अंदर के वेस्ट प्रोडक्ट का निस्तारण ठीक से न हो, तो बचा हुआ गंदा प्रोडक्ट ऑटोइम्यून का कारण बन सकता है। यह प्रक्रिया कुछ लोगों में दस साल तक ले सकती है, जबकि कुछ में तेजी से उभर सकती है। ऐसे में एंटी इंफ्लामेशन डाइट मुख्य भूमिका निभा सकती है।
विशेषज्ञ के मुताबिक बाहर के भोजन से परहेज कर घर के खाने को प्राथमिकता देनी चाहिए। बासी खाना और फ्रिज का खाना इंफ्लामेटरी रोग में भूमिका निभा सकता है, जबकि बाहर का खानपान वजन बढ़ने और मेटाबॉलिक समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकता है। खिचड़ी हल्का और आसानी से बनने वाला भोजन है, जिसमें चावल और दाल से कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन मिलता है; सब्जियां मिलाने से फाइबर, विटामिन और मिनरल भी बढ़ाए जा सकते हैं। घर के मसाले जैसे दालचीनी, इलायची और लौंग एंटाइंफ्लामेटरी प्रभाव के लिए जाने जाते हैं और इनसे अंदरूनी सूजन कम होती है। नट्स भी सीमित मात्रा में खाए जा सकते हैं।
यह जरूरी नहीं कि हर व्यक्ति को दूध या गेहूं की रोटी छोड़नी पड़े। इंटरनेट पर कई बार दावा किया जाता है कि डेयरी या ग्लूटेन सभी ऑटोइम्यून बीमारियों को बढ़ाते हैं, लेकिन यह दावा सही नहीं है। कुछ खास बीमारियों में खास खाद्य पदार्थों से परहेज जरूरी हो सकता है। जैसे सीलिएक डिजीज में ग्लूटेन खाने से छोटी आंत को नुकसान पहुंचता है और ऐसे मरीजों को डॉक्टर की सलाह से जीवनभर ग्लूटेन-फ्री डाइट अपनानी पड़ती है, जबकि बिना रोग वाले लोग इसका संतुलित मात्रा में सेवन कर सकते हैं। ऑटोइम्यून रोग में गठिया आम समस्या मानी जाती है, लेकिन जोड़ों में दर्द होने भर से इसे गठिया नहीं मानना चाहिए। सुबह मुट्ठी न बना पाना, नींद पूरी होने पर भी थकान, सुबह खड़े न हो पाना, पैर हिलाने में दर्द, या बुखार जैसा लगना पर तापमान सामान्य रहना गठिया के संकेत हो सकते हैं। ऑटोइम्यून बीमारियां जीन, इम्यून सिस्टम और पर्यावरणीय कारकों के जटिल मेल से विकसित हो सकती हैं।
