नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं ने आंचल दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में वृद्धि की घोषणा की है। संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा की ओर से जारी सूचना के अनुसार नई दरें 20 नवंबर 2026 से लागू होंगी।
जारी सूचना के मुताबिक आंचल गोल्ड फुल क्रीम के छह लीटर पैक की उपभोक्ता कीमत 450 रुपये और शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 372 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं 500 मिलीलीटर फुल क्रीम दूध 76 रुपये प्रति लीटर, गाय का दूध 60 रुपये प्रति लीटर तथा एक लीटर शक्ति स्टैंडर्ड दूध 63 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा।
डबल टोंड दूध, आंचल चाय स्पेशल, पनीर और क्रीम के दाम भी बढ़ाए गए हैं। 180 ग्राम पनीर का पैकेट अब 85 रुपये और एक किलो क्रीम का पैकेट 580 रुपये में मिलेगा। चाय स्पेशल के एक लीटर पैक की कीमत 62 रुपये, 320 मिलीलीटर की 20 रुपये और 150 मिलीलीटर की 10 रुपये निर्धारित की गई है।
संघ ने स्पष्ट किया है कि उपरोक्त उत्पादों के अतिरिक्त अन्य दूध एवं दुग्ध उत्पादों की कीमतों में फिलहाल कोई वृद्धि नहीं की गई है।
