कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के अभिजीत दीपके ने बुधवार को नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया पर सेंसरशिप को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत उन्होंने ‘मोदी चालीसा’ नाम के एक गीत से की। इस गाने के बजते ही दीपके पर हनुमान चालीसा का अपमान करने के आरोप लगने लगे। दीपके ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी को बढ़ावा दिया जा रहा है और जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से अधिक पोस्ट हटाई गई हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया से बातचीत के दौरान मोदी की तस्वीर सामने रखने से शायद इंस्टाग्राम इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को अपने प्लेटफॉर्म से नहीं हटाएगा। इस दौरान सीजेपी के सह संयोजक आशुतोष रांका भी मौजूद थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने दीपके से पूछा कि क्या ‘मोदी चालीसा’ के ऑडियो से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत नहीं होंगी। इस सवाल पर दीपके भड़क गए। उन्होंने इस गीत को बनाने वाले और भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल पर कार्रवाई की मांग की। दीपके ने कहा कि जिस सिंगर ने यह गाना गाया है, उस पर तुरंत एफआईआर होनी चाहिए और उसे जेल में डाला जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के सोशल मीडिया वालों पर भी एफआईआर करनी चाहिए, क्योंकि यह गाना वहीं से उठाया गया है। बता दें कि सीजेपी पर पहले भी सनातन धर्म के अपमान के आरोप लग चुके हैं। नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन के दौरान ‘सीता के पति’ नारे लगने पर भी विवाद हुआ था।
इस बीच अभिजीत दीपके ने साफ किया है कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने चुनाव लड़ने या नई पार्टी बनाने की संभावनाओं को खारिज करते हुए कहा कि सीजेपी की कोई राजनीतिक पार्टी बनाने की योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे यहां किसी भी पार्टी का पक्ष लेने के लिए नहीं आए हैं। दीपके ने यह भी कहा कि वे आगामी यूपी चुनावों में किसी भी पार्टी को समर्थन नहीं देंगे।
