नागपुर : केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है और चर्चा है कि इसमें परिसीमन बिल लाया जा सकता है। इससे 33 फीसदी महिला आरक्षण का रास्ता भी साफ हो सकता है। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के चीफ अभिजीत दिपके ने महिला आरक्षण को लेकर बीजेपी के सामने बड़ी चुनौती रख दी है।

नागपुर में संविधान बचाओ रैली को संबोधित करते हुए दिपके ने कहा कि महिला आरक्षण पर खूब बात हो रही है, लेकिन यह 33 फीसदी क्यों, 50 फीसदी होना चाहिए, क्योंकि महिलाओं की संख्या आधी है। उन्होंने रैली में मौजूद लड़कियों से भी इस पर हामी भरवाई। दिपके ने मांग की कि बीजेपी पहले उत्तर प्रदेश और पंजाब के चुनावों में 50 फीसदी महिलाओं को टिकट दे और दूसरे दलों को भी ऐसा करने के लिए बाध्य करे। उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर पता चलेगा कि बीजेपी वाकई महिला आरक्षण चाहती है।

इस बीच, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की ओर से जानकारी दिए जाने के बाद देश की राजनीति गरमा गई है। केंद्र सरकार ने 30 नवंबर 2026 को लोकसभा और 2 दिसंबर 2026 को राज्यसभा की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। चर्चा है कि सरकार ने संविधान संशोधन करके लोकसभा की सीटें बढ़ाने के लिए जरूरी दो तिहाई संख्याबल की व्यवस्था कर ली है और वह इस सत्र में परिसीमन बिल ला सकती है।

नागपुर की रैली में अभिनेता प्रकाश राज भी मौजूद रहे। रैली में संविधान और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लिया गया। दिपके ने बीजेपी के साथ कांग्रेस और अन्य विपक्ष को भी निशाने पर लिया और आरोप लगाया कि सभी ने आंबेडकर को एक समुदाय तक सीमित कद दिया। उन्होंने कहा कि जय भीम पूरे देश का नारा होना चाहिए।