नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन से सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के एक बार फिर बाहर रहने पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर हैरानी जताते हुए कहा कि विदेशी दौरों पर जसप्रीत बुमराह के साथ सिराज का नाम सबसे पहले चुना जाना चाहिए। यह फैसला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में सिराज ने 11 मैचों में 43 विकेट लेकर भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैफ ने लिखा कि यह यकीन करना मुश्किल है कि भारत के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक सिराज को फिर से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि मोर्कल ने खुद सिराज को विश्व स्तरीय गेंदबाज बताया था और कहा था कि वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।

वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट में भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड की दूसरी पारी को समेटने में नाकाम रहे थे और मैच ड्रॉ हो गया था। इसके बावजूद दूसरे टेस्ट में भी सिराज को मौका नहीं मिला। पहले टेस्ट के बाद कप्तान शुभमन गिल ने कहा था कि कभी-कभी यह देखना होता है कि कौन से गेंदबाज फॉर्म में हैं और कौन सबसे अच्छी गेंदबाजी कर रहा है। दूसरे टेस्ट से पहले गेंदबाजी कोच मोर्कल ने सिराज के साथ हुई बातचीत का खुलासा करते हुए संकेत दिया था कि मैनेजमेंट चाहता है कि सिराज थोड़ा रुककर अपने खेल का आकलन करें।

गौरतलब है कि सिराज का विदेशी और एशियाई दोनों परिस्थितियों में हालिया रिकॉर्ड शानदार रहा है। पिछले साल ओवल टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की 6 रनों की जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी, वहीं एशियाई पिचों पर उन्होंने 7 टेस्ट में 21.28 की औसत से 21 विकेट झटके हैं। क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारत ने बुमराह, आकाश दीप और अंशुल कंबोज के साथ युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को टेस्ट डेब्यू का मौका दिया है। इसके अलावा रविंद्र जडेजा को भी लगातार दूसरे टेस्ट से बाहर रखा गया है और टीम ने स्पिन विभाग में वाशिंगटन सुंदर पर भरोसा जताया है।