होम अप्लायंसेज ब्रांड Haier ने भारत में अपना नया रोबोट वैक्यूम क्लीनर Haier Civic AI Maxx लॉन्च किया है। कंपनी के मुताबिक इसमें LDS लेजर नेविगेशन और 8,000Pa का सक्शन सिस्टम दिया गया है। इसके साथ एक ऑटोमैटिक मेंटेनेंस डॉक मिलता है, जो धूल इकट्ठा करने, मॉप धोने और उसे सुखाने का काम खुद करता है।
इस रोबोटिक वैक्यूम क्लीनर में 5,200mAh की बैटरी है और कंपनी का दावा है कि यह सिंगल चार्ज पर 180 मिनट तक सफाई कर सकता है। इसमें चार क्लीनिंग मोड्स हैं—स्वीपिंग, मॉपिंग, स्वीपिंग के बाद मॉपिंग और एक साथ स्वीपिंग व मॉपिंग। डिवाइस में एंटी-टैंगल रबर रोलर ब्रश और ऑटो-एक्सटेंडिंग मॉप भी दिया गया है।
कंपनी के अनुसार सेल्फ-मेंटेनेंस डॉक तीन लीटर के रिमूवेबल डस्ट बैग में धूल जमा करता है। यह साफ और गंदे पानी के अलग-अलग चार-चार लीटर के टैंकों से डुअल रोटेटिंग मॉप्स को धोता है और 45 डिग्री सेल्सियस की हॉट-एयर ड्राइंग प्रणाली से उन्हें सुखाता है। वैक्यूम क्लीनर कई फ्लोर के लेआउट याद रख सकता है और अल्ट्रासॉनिक कार्पेट डिटेक्शन से कार्पेट पर सक्शन पावर बढ़ा देता है।
यह डिवाइस HaiSmart एप और Google Voice Control के साथ काम करता है। एप से यूजर्स क्लीनिंग शेड्यूल, सक्शन लेवल और रिस्ट्रिक्टेड जोन सेट कर सकते हैं। इसमें 20mm तक ऊंचाई पार करने की क्षमता, एंटी-फॉल सेंसर और क्लिफ डिटेक्शन जैसे फीचर्स हैं। कंपनी का दावा है कि यह 74dB या उससे कम शोर पर चलता है। भारत में इसकी कीमत 59,999 रुपये रखी गई है और यह मेजर रिटेल आउटलेट्स, Haier के ऑफिशियल ऑनलाइन स्टोर और बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है। ब्रांड इसके साथ एक साल की वारंटी दे रहा है।
