नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार दर्ज किया गया है। आज यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 221 रहा। पिछले कुछ दिनों से एक्यूआई का ग्राफ 300 से नीचे बना हुआ है, जिसे वायु गुणवत्ता में सुधार की निरंतरता के रूप में देखा जा रहा है। आमतौर पर एक्यूआई 300 से ऊपर जाने पर स्थिति अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है।

दिल्ली में सर्दी की शुरुआत के साथ प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है, जिससे लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसमें बच्चे, बुजुर्ग और पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष परेशानी होती है। इसी को देखते हुए सरकार प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए कई कदम उठा रही है, जिनके सकारात्मक नतीजे देखने को मिल रहे हैं।

उधर, सर्दी के आगमन के साथ पंजाब और हरियाणा में किसानों की ओर से पराली जलाने का सिलसिला भी शुरू हो जाता है, जिससे दिल्ली में प्रदूषण की समस्या पैदा होती है और वायु गुणवत्ता बिगड़ जाती है। इस समस्या के समाधान की कोशिशें भी जारी हैं, ताकि दिल्ली के लोग स्वच्छ हवा में सांस ले सकें और उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो।